नयनादेवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब।
- फोटो : अमर उजाला
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्रीनयना देवी जी में तीन दिवसीय होला-मोहल्ला मेला उत्सव धूमधाम से शुरू हुआ। उत्सव के शुभारंभ पर सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे। इससे मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा।
मां श्री नयना देवी जी के मंदिर में हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा और दिल्ली और अन्य राज्यों से काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मां के दर्शनों को श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु सुबह से ही मां के दर्शनों को पहुंच गए। मंदिर में न्यास ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा की विशेष व्यवस्था कर रखी है।
मां के दर्शनों को पहुंचने वाले अधिकांश श्रद्धालु आनंदपुर साहिब में दर्शन करके मां श्रीनयना देवी जी के दरबार में पहुंच रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालु मां के दरबार में हवन-यज्ञ करके घरों को वापस लौट रहे हैं।
पुजारी विक्की शर्मा, कैलाश शर्मा, राकेश गौतम, रिंकू शर्मा तथा विशाल ने बताया कि होला मोहल्ला के दौरान श्रद्धालु काफी संख्या में श्री आनंदपुर साहिब पहुंचते हैं। वहां से श्रद्धालु मां श्री नयनादेवी जी के दर्शनों को मां के दरबार आते हैं। इससे होला मोहल्ला के उत्सव में काफी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां के चरणों में शीश नवाते हैं।