धौलरा मंदिर में चल रही दुर्गा पूजा मंगलवार को संपन्न धौलरा मंदिर से लुहणू ग्राउंड तक शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी मौजूद रहे। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बिलासपुर बस अड्डे के पास स्वागत किया और शोभा यात्रा में शामिल हुए।
इससे दोनों समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि बिलासपुर के धौलरा मंदिर में चल रहे शारदोत्सव के दौरान मंगलवार सुबह 10.30 बजे मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित की गई।
मंदिर में हवन यज्ञ के बाद माता को भोग लगाकर आरती की गई और इसके साथ महा भंडारा शुरू हो गया। इसके बाद दोपहर 2 बजे मंदिर में स्थापित कलशों सहित मां दुर्गा, मां सरस्वती, मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की मूर्तियों की विदाई के रूप में विसर्जन यात्रा निकाली गई। शहर के बीच से गुजर कर यह यात्रा गोबिंद सागर झील किनारे लुहणू मैदान तक चली।
मां दुर्गा की इस दसवीं विहित पूजा और विसर्जन यात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ विशेष ओलंपिक भारत की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुभाष ठाकुर, स्वदेश ठाकुर, सिहड़ा पंचायत पूर्व प्रधान रूप लाल ठाकुर, स्वतंत्र सांख्यान, रामलाल पुंडीर, दुर्गा पूजा समिति की महासचिव और नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष रजनी शर्मा विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
विदाई यात्रा शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं ने धौलरा मंदिर में जमकर होली भी खेली। शाम साढ़े 4 बजे यह यात्रा गोबिंद सागर झील के लुहणू घाट पहुंची। जहां से 7 बोटों के माध्यम से मूर्तियों को श्रद्धालुओं ने झील के मध्य में ले जाकर विसर्जित किया।
हिंदू-मुस्लिम सांझा मंच के संयोजक ईशान अख्तर के नेतृत्व में सैकड़ों मुस्लिम समुदाय ने दुर्गा पूजा रैली में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को बस स्टैंड चौक पर माता नयना देवी जी से लाई चुनरी से सम्मानित किया। इस अवसर पर डियारा इस्लामिया कमेटी के प्रधान अस्लम हुसैन, मुस्ताक अहमद, सराज अख्तर, ताजदीन, मोहम्मद बिलाल, तनमय शर्मा, रेनबो स्टार क्लब के अध्यक्ष ईशान अख्तर अन्य पदाधिकारी शालू्, संतोष, इमतियाज खान और बबीता इत्यादि मौजूद थे।