श्री नयना देवी जी में दर्शन के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालु। संवाद
सुबह से ही मंदिर परिसर में लगी कतारें, लंगरों में प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने उठाया मेले का आनंद
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्रावण अष्टमी मेले के सातवें दिन बुधवार को श्री नयना देवी मंदिर में करीब 65 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर माता के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर लंगर लगाए गए हैं। श्रद्धालु लंगरों में प्रसाद ग्रहण करने के साथ-साथ मेले के माहौल का आनंद उठा रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्ति का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन व पुलिस की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी जवान तैनात हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास की ओर से व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। श्रद्धालु माता के दर्शन करने के बाद मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी कर रहे हैं और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं। सातवें दिन भी मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।