High alert over dengue in Bilaspur
बिलासपुर। जिला बिलासपुर में एक माह में ही डेंगू के 18 नए मामले सामने आए हैं। तेजी से बढ़ते डेंगू के मामलों के चलते स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जिले में स्वास्थ्य अलर्ट जारी कर दिया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परविंद्र सिंह के अनुसार यदि डेंगू के मामले और तेजी से बढ़ते हैं तो जिले में महामारी एक्ट भी लागू कर आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परविंद्र सिंह ने बताया कि नए मामले भगेड़, एम्स कोठीपुरा, ब्रहम्पुखर, रौड़ा सेक्टर, बामटा, लखनपुर सहित नयना देवी जी क्षेत्र से सामने आए हैं। सभी पीड़ितों को घर पर उपचार दिया जा रहा है। संबंधित क्षेत्र के बीएमओ प्रतिदिन इनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सहित उपचार दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में मुख्य चौराहों सहित अन्य स्थानों पर होर्डिंग और अन्य माध्यमों से जागरूकता बढ़ाई जा रही है। साथ ही फॉगिंग भी करवाई जा रही है।
बताते चलें कि बिलासपुर जिला 2018 सत्र में पूरे प्रदेश भर में डेंगू के मामलो को लेकर हॉट एरिया में आया था। दो हजार से अधिक लोग डेंगू की चपेट में आए थे और तीन की मौत हो गई थी। केंद्र से विशेषज्ञों की टीम भी बिलासपुर पहुंची थी। युद्ध स्तर पर हुए प्रयासों के बाद डेंगू के मामलों में कमी आई थी। पिछले साल 2020 में डेंगू के दो-तीन मामले ही सामने आए थे। अब 2021 में एक माह के भीतर ही 18 मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई है।