बारिश के साथ चली हवाओं के कारण स्वारा गांव में बर्बाद हुई मक्की की फसल।
- फोटो : BILASPUR
भराड़ी(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं में करीब 2 घंटे हुई जोरदार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कें पानी से लबालब हो र्गइं। नदी-नालों में पानी उफान पर आ गया। कई जगह पर बारिश के साथ चले तूफान के कारण मक्की की फसल को नुकसान हुआ है। बारिश का पानी दुकानों में पहुंच गया। कुछेक दुकानदारों को शटर बंद करने पड़े।
घुमारवीं शहर में पानी के बहाव के कारण पत्थर व बजरी सड़कों पर आ गई। दो घंटे तक हुई बारिश के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश इतनी तेज थी कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, जिस कारण वाहन चालकों को गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ी। भारी बारिश के कारण पैदल चल रहे राहगीरों को भी दुकानों व रेन शेल्टरों में शरण लेनी पड़ी। दधोल, गतवाड़, लेठवीं, डंगार, निहारी, कल्लरी, घुमारवीं, बाड़ी, सेउ आदि में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। जिस कारण चलना मुश्किल हो गया। एकाएक हुई बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। घुमारवीं में बसों के इंतजार में खड़ी सवारियों को बस स्टैंड पर खड़ी बसों में शरण लेनी पड़ी।