घुमारवीं में विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटा कर्मचारी। संवाद
कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में लोगों को सुविधा देने में दिखाई कर्तव्यनिष्ठा
सीर खड्ड में भारी जलस्तर के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी रही टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने घुमारवीं में बिजली बोर्ड के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, केवल एक रात में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
बारिश से सबसे अधिक असर 11 केवी स्ट्रक्चर और एलटी लाइनों पर पड़ा है। बम्म क्षेत्र में छह स्ट्रक्चर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। बाड़ी मंझेड़वां क्षेत्र में एलटी लाइन पानी की चपेट में आ गई, वहीं घुमारवीं क्षेत्र की 11 केवी स्ट्रक्चर भी गिरने के कगार पर है। यह प्रारंभिक आकलन है और वास्तविक नुकसान इससे कहीं अधिक हो सकता है। कई इलाकों में सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और सीर खड्ड में बाढ़ आने के कारण कर्मचारियों का वहां पहुंचना कठिन है। हालांकि बिजली सप्लाई बाधित हुई, लेकिन बोर्ड के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। विभाग ने अल्टरनेटिव रूट से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की है ताकि उपभोक्ताओं को कम से कम असुविधा हो। बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता कर्ण चंदेल ने बताया कि सोमवार रात की बारिश से बोर्ड को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ। कई जगह एलटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और 11 केवी लाइन को भी नुकसान पहुंचा। कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में भी दिन-रात मेहनत कर लाइनों को ठीक करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सीर खड्ड के भारी जलस्तर से जूझने के बाद भी कर्मचारी बिजली की बहाली के जुटे रहे। बोर्ड ने अगले तीन से चार दिनों में सभी क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत पूरी करने का लक्ष्य रखा है। विभिन्न क्षेत्रों में कई टीमें तैनात हैं, जो लगातार मरम्मत और बिजली आपूर्ति बहाल करने में लगी हुई हैं। बोर्ड के कर्मचारियों का समर्पण और मेहनत यह साबित करती है कि आपदा की घड़ी में भी उपभोक्ताओं की राहत प्राथमिकता है। प्रशासन और स्थानीय लोग भी उनकी मेहनत की सराहना कर रहे हैं।
घुमारवीं में विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटा कर्मचारी। संवाद