विश्व स्वास्थ्य दिवस पर वन हेल्थ दृष्टिकोण से मानव, पशु और पर्यावरण के समन्वय पर जोर
भारत में नेशनल वन हेल्थ मिशन से मजबूत हो रही व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विश्व स्वास्थ्य दिवस का इस वर्ष का थीम टुगेदर फॉर हेल्थ, स्टैंडिंग विद साइंस रखा गया है। यह दिवस स्वास्थ्य के क्षेत्र में विज्ञान-आधारित उपायों को अपनाने और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने का संदेश देता है। पिछले 100 वर्ष में वैज्ञानिक खोजों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। लेकिन आज के दौर में उभरती संक्रामक बीमारियां, जलवायु परिवर्तन और खाद्य असुरक्षा जैसी चुनौतियां सामने हैं, जिससे निपटने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण बेहद जरूरी हो गया है।
एम्स बिलासपुर के सामुदायिक एवं परिवार चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपम पराशर ने कहा कि वन हेल्थ दृष्टिकोण इन चुनौतियों से निपटने का प्रभावी माध्यम है। यह अवधारणा मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक-दूसरे से जुड़ा और परस्पर निर्भर मानती है। कोविड-19 महामारी, एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस और पर्यावरणीय क्षरण ने यह स्पष्ट कर दिया है कि स्वास्थ्य संबंधी खतरे सीमाओं में बंधे नहीं होते। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2003 से अब तक दुनियाभर में बीमारियों और महामारियों के कारण 1.5 करोड़ से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और वैश्विक स्तर पर भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। खाद्य और जल सुरक्षा से जुड़े खतरे भी लगातार बढ़ रहे हैं। भारत भी वन हेल्थ दृष्टिकोण को अपनाने में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के नेतृत्व में नेशनल वन हेल्थ मिशन विभिन्न मंत्रालयों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इस मिशन का उद्देश्य मानव, पशु, वन्यजीव और पर्यावरण से जुड़े क्षेत्रों को एक मंच पर लाकर रोग नियंत्रण और महामारी से निपटने के लिए समेकित प्रणाली विकसित करना है। इसके तहत रोग निगरानी और प्रयोगशाला नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है, जिससे समय रहते बीमारियों की पहचान और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सके।
वर्ष 2026 में आईसीएमआर की ओर से एआई आधारित प्रणाली विकसित की गई है, जो विभिन्न स्रोतों से रोगजनकों की निगरानी कर संभावित प्रकोपों का पूर्वानुमान लगाने में सक्षम है। इससे स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली को प्रतिक्रियात्मक से सक्रिय बनाने में मदद मिल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि वन हेल्थ मॉडल की सफलता केवल नीतियों और संस्थानों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इसमें समुदाय की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है। पशुपालक, किसान और स्थानीय लोग बीमारियों के शुरुआती संकेतों की पहचान में अहम भूमिका निभा सकते हैं। स्वच्छता बनाए रखना, सुरक्षित भोजन का सेवन, पशुओं का टीकाकरण और स्वच्छ जलस्रोतों का संरक्षण जैसे उपाय संक्रमण के जोखिम को कम करते हैं। इसके साथ ही, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और अवैध गतिविधियों से बचाव भी स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से वैज्ञानिक तथ्यों पर विश्वास करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।