एक-दूसरे से गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद
बिलासपुर, केमरी, खजुरिया (रामपुर)। ईद का त्योहार नगर व क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाया गया। मंगलवार की सुबह आठ बजे नगर में माटखेड़ा रोड स्थित ईदगाह में ईद की नमाज शहर इमाम मौलाना नासिर खां ने अदा कराई। उन्होंने देश व कौम की तरक्की के लिए दुआ की। ग्राम खोदलपुर के खेड़ा में ईद की नमाज साढ़े आठ बजे सैयद फरमान मियां ने अदा कराई। ईदगाह पर उप जिलाधिकारी निरंकार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह, तहसीलदार सुनील कुमार ने शहर इमाम मौलाना नासिर खां तथा पालिका अध्यक्ष मोहम्मद हसन खां आदि को गुलाब के फूल भेंट कर ईद की बधाई दी।
ईदगाह पर सपा नेता अमरजीत सिंह ढिल्लो, पूर्व विधायक संजय कपूर, तेजिंदर सिंह विर्क, बलजीत सिंह बिट्टू गिल, गुरजीत सिंह कोटिया ने भी लोगों से गले मिलकर ईद की बधाई दी। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने तहसील रोड निवासी सुजात हसन खां के आवास पर पहुंचकर ईद मिलन कार्यक्रम में भाग लिया और उन्होंने सभी से गंगा जमुनी तहजीब को बरकरार रखने का आह्वान किया। पालिकाध्यक्ष मोहम्मद हसन खां, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम ने भी अपने आवास पर लोगों से मिलकर ईद की बधाई दी।
केमरी में मोहल्ला गढ़ी में ईद की नमाज मौलाना हारून ने तथा सैंजनी की ईदगाह में मौलाना जलालुद्दीन ने नमाज अदा कराई। पुलिस क्षेत्राधिकारी ओंकार नाथ शर्मा, थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह सुरक्षा के तौर पर पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
खजुरिया में ईद के त्योहार पर लोग ईद की नमाज के लिए ईदगाहों और मस्जिदों में कुछ लोग समय से थोड़ा पहले ही पहुंच गए और निर्धारित समय पर नमाज अदा कर अपने देश व कौम के के लिए अमन व चैन की दुआ मांगी।