- आधे शहर तक पहुंचेगी लाइट की रोशनी, लोगों की परेशानी होगी दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं सीर खड्ड पर बना नया पुल अब शीघ्र ही हाई मास्क लाइट से जगमगाएगा। सीर खड्ड पर बनाए गए नए पुल पर लाइट न होने के कारण अक्सर अंधेरा रहता था। इससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता था। लोगों की काफी समय से मांग थी कि पुल पर लाइट लगाई जाए जो अब पूरी हो रही है।
लोगों की समस्या को देखते हुए स्थानीय विधायक राजेश धर्माणी की पहल पर एनटीपीसी के सौजन्य से अब एक हाई मास्क लाइट लगाई जा रही है। इससे रात के समय पैदल तथा वाहन चालकों को पुल पर अंधेरा होने के कारण हो रही दिक्कत से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। हालांकि इस नए पुल पर गाड़ियों का आवागमन करीब 2 साल पहले शुरू हो गया था। इसके बाद नगर परिषद द्वारा पुल पर स्ट्रीट लाइट भी लगवाई गई थी। कुछ समय बाद सारी स्ट्रीट लाइटें चोरी हो गईं। इससे पुल पर घना अंधेरा रहने लगा और दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी। क्योंकि पुल के ऊपर से लोगों का पैदल आना जाना होता है और पुल की लंबाई और चौड़ाई अधिक होने से दुपहिया तथा चार पहिया वाहन यहां से तेजी से गुजरते हैं। सड़क पर अक्सर लावारिस पशुओं का जमघट लगा रहता है और लाइट न होने से घने अंधेरे के कारण कई बार वाहन चालकों को सड़क के बीच में बैठे यह लावारिस पशु दिखाई नहीं देते हैं। इस कारण अक्सर दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। स्ट्रीट लाइट चोरी होने के बाद नगर परिषद भी अभी तक दोबारा यहां पर लाइट नहीं लगा सका था। लोगों की दिक्कतों को समझते हुए विधायक राजेश धर्माणी द्वारा इस हाई मास्क लाइट का प्रबंध करवाया गया।