- मेला समिति ने आयोजन की तैयारी को लेकर बैठक में लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं में 5 अप्रैल से शुरू होने वाले राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव की चार सांस्कृतिक संध्याएं अब एम फॉर यू होटल में आयोजित की जाएंगी। जानकारी देते हुए मेला कमेटी अध्यक्ष व उप मंडलीय अधिकारी गौरव चौधरी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने मेलों के आयोजन में स्कूलों के खेल मैदान को इस्तेमाल करने की इजाजत देने से इंकार करने के बाद अब मेला समिति ने यह निर्णय लिया है।
पिछले 39 साल से आयोजित किए जा रहे इस ग्रीष्मोत्सव को हाल ही में राज्य स्तरीय मेले का दर्जा मिला है। अब तक मेले की सांस्कृतिक संध्याओं को साथ लगते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं (बाल) के प्रांगण में ही आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने इन आयोजनों के लिए स्कूलों के खेल मैदान को इस्तेमाल करने की इजाजत न देने के बाद मेला समिति के समक्ष इन संध्याओं के आयोजन को लेकर मुश्किल खड़ी हो गई थी। हालांकि 2022 में भी एक बार ऐसा हो चुका है, जब कोर्ट ने स्कूल के मैदान में ऐसे आयोजन पर रोक लगा दी थी। उस समय मेला समिति, तत्कालीन नगर परिषद अध्यक्ष राकेश चोपड़ा ने स्कूल ग्राउंड के पीछे खेतों में किसी तरह इन संध्याओं का आयोजन करवाया था। अब एक वर्ष बाद फिर से प्रशासन के सामने फिर वही समस्या खड़ी हो गई। इसके बाद प्रशासन इन संध्याओं के आयोजन के लिए उचित स्थान ढूंढ रहा था, लेकिन मेले के आसपास कोई भी उचित स्थान न होने के कारण मेल प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई। शहर में एक दो उपयुक्त स्थान देखे गए, जहां इन संध्याओं का आयोजन किया जा सकता था, लेकिन यह जगह मेले से काफी दूरी पर थी। इसके कारण इसका सीधा असर मेले पर होना था। इन संध्याओं का आयोजन मेला स्थल से दूर करवाने पर मेले में लोगों का कारोबार भी प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही थी। अब मेला समिति ने सर्वसम्मति से बैठक में यह निर्णय लिया कि इन चार सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन शहर के बीचों-बीच स्थित इस होटल एम फॉर यू में किया जाएगा।