जूडो, कुश्ती में चांदपुर, बास्केटबाल में दधोल स्कूल रहा विजेता
जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र वर्ग के मेजर, माइनर खेल हटवाड़ स्कूल में संपन्न
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पांच जोन, 39 स्कूलों से 468 खिलाड़ियों ने लिया भाग
हॉकी, हैंडबाल, बास्केटबाल सहित अन्य खेलों में दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ में वीरवार को अंडर-14 छात्र वर्ग की जिला स्तरीय मेजर और माइनर खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पांच जोन, 39 स्कूलों से 468 खिलाड़ी छात्रों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने हॉकी, हैंडबाल, बास्केटबाल, जूडो, कबड्डी, वॉलीबाल, बैडमिंटन, खो-खो, फुटबाल और कुश्ती में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। इस दौरान स्थानीय स्कूल की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि ने सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वॉलीबाल में सदर जोन विजेता और झंडूता जोन उपविजेता रहा। कबड्डी में घुमारवीं-1 जोन विजेता और घुमारवीं-2 जोन उपविजेता रहा। खो-खो में सदर जोन विजेता और घुमारवीं-2 जोन उपविजेता रहा। बैडमिंटन में घुमारवीं-2 जोन विजेता और झंडूता जोन उपविजेता रहा। हॉकी में कंदरौर स्कूल विजेता और बाल पाठशाला घुमारवीं उपविजेता रही।
बास्केटबाल में दधोल स्कूल विजेता और बरमाणा स्कूल उपविजेता रहा। हैंडबाल में मोरसिंघी स्कूल विजेता और बाल पाठशाला घुमारवीं उपविजेता रही। फुटबॉल में बाल पाठशाला घुमारवीं विजेता और हटवाड़ स्कूल उपविजेता रहा। जूडो में चांदपुर स्कूल विजेता और उच्च पाठशाला सायर टोबा उपविजेता रही। कुश्ती में चांदपुर स्कूल विजेता और रघुनाथपुरा स्कूल उपविजेता रहा। बॉक्सिंग में हटवाड़ स्कूल विजेता और कुठेड़ा स्कूल उपविजेता रहा। इस अवसर पर रितेश राणा, ललित कुमार, राजकुमार, विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे।
हटवाड़ स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मार्च पास्ट करते हुए खिलाड़ी। स्रोत: संवाद।
हटवाड़ स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मार्च पास्ट करते हुए खिलाड़ी। स्रोत: संवाद।