-उच्च पाठशाला मलांगण में मनाया अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय उच्च पाठशाला मलांगण में बाल विकास परियोजना वृत्त भडोली कलां की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। इसकी अध्यक्षता वृत्त पर्यवेक्षक राज धीमान ने की।
आयुष विभाग से डॉ. तरुण सोनी ने छात्राओं को संतुलित आहार के बारे में जानकारी दी। वृत्त पर्यवेक्षक ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे निकल रही हैं और अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा कर रही हैं। पहले बेटियों को कम पढ़ाया जाता था, लेकिन अब बेटा-बेटी एक समान हैं।इसलिए हमें बेटियों को अधिक से अधिक पढ़ाना चाहिए। तभी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के सार्थक परिणाम मिलेंगे। इस मौके पर भाषण प्रतियोगिता भी कराई गई। इस अवसर पर स्थानीय पाठशाला के मुख्याध्यापक राजकुमार शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित अन्य उपस्थित रहे।