एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के तहत गए सभी भ्रमण पर
जानेंगे, केरल की संस्कृति, रीति रिवाज और शिक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के तहत जिले के चार शिक्षक और 20 विद्यार्थी केरल भ्रमण के लिए मंगलवार को रवाना हुए। इस दौरान इन विद्यार्थियों को केरल की संस्कृति, रीति रिवाज, शिक्षा को जानने का अवसर मिलेगा।
इन विद्यार्थियों के साथ डाइट जुखाला से अनिल कुमार, संजय शामा, पीएम श्री स्कूल तलाई से रेखा और रानी कोटला स्कूल से सरोज कुमारी भी भ्रमण के लिए रवाना हुई हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। भ्रमण में जाने के लिए 10वीं और 12वीं कक्षा के मेरिट में आने वाले मेधावी, एनएसएस और एनसीसी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चे चयनित किए गए हैं। विद्यार्थियों का यह भ्रमण 9 नवंबर तक चलेगा। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य केरल और हिमाचल प्रदेश के रीति रिवाज व कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम का प्रदर्शन और एक दूसरे के साथ अपनी संस्कृति को साझा करना है। सभी विद्यार्थी कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत केरल में हिमाचल की संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे और वहां के संस्कृति को भी नजदीक से देखने का मौका प्राप्त करेंगे। भ्रमण पर जाने वाले सभी अध्यापकों और प्रतिभागियों ने उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा निशा गुप्ता व डाइट प्रधानाचार्य राकेश मनकोटिया का आभार प्रकट किया है। ऐसे एक्सपोजर विजिट से बच्चों का प्रोत्साहन पढ़ाई के प्रति बहुत बढ़ जाता है और बहुत कुछ सीखने को मिलता है। मंगलवार को शिक्षक और विद्यार्थियों का दल डाइट जुखाला से बस में दिल्ली के लिए रवाना हुआ। दिल्ली से हवाई जहाज के माध्यम से वह केरल पहुंचेगे। केरल में वह स्कूलों का भ्रमण कर वहां की शिक्षा पद्धति को जानेंगे। साथ ही केरल के मेधावी छात्रों से भी मिलेंगे। इसके अलावा वह अन्य गतिविधियों में भी भाग लेंगे।
इनसेट
केरल भ्रमण के लिए पीएम श्री स्कूल तलाई, बाल पाठशाला घुमारवीं, पीएम श्री स्कूल बरमाणा, पीएम श्री स्कूल भराड़ी, उच्च पाठशाला सिल्ह, डुमैहर, दसलेहड़ा, बाड़ी मझेड़वां, उच्च पाठशाला कल्लर और रानीकोट स्कूल के बच्चे चयनित हुए हैं। भ्रमण में जाने वाले विद्यार्थियों में गगनप्रीत, आरुषि ठाकुर, अभिनव जसवाल, पुष्पराज शर्मा, कार्तिक राणा, भूमिका, सुरभि ठाकुर, अक्षित शर्मा, स्नेहा ठाकुर, प्राची ठाकुर, हर्षिता, अर्पिता, शाविक शर्मा, शवनम बेगम, इशिता, स्वास्तिक, कार्तिक, दीक्षा ठाकुर, शालू देवी और सौरव शर्मा शामिल हैं।