भाजपा, कांग्रेस, पूर्व अध्यक्ष और निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में
घर-घर जाकर समर्थन जुटाने में जुटे प्रत्याशी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के वार्ड नंबर-5 हारकुकार में इस बार चुनावी मुकाबला रोचक और हाईप्रोफाइल बन गया है। वार्ड में चार प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड में जहां राजनीतिक दल प्रतिष्ठा दांव पर लगाए हुए हैं, वहीं प्रत्याशियों की शिक्षा, राजनीतिक अनुभव, सामाजिक पकड़ और संपत्ति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वार्ड से कांग्रेस समर्थित तेज सिंह, भाजपा समर्थित संदीप शर्मा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राकेश चोपड़ा और निर्दलीय देशराज शामा चुनाव मैदान में हैं। नामांकन पत्रों के साथ जमा करवाए शपथपत्रों के अनुसार चारों प्रत्याशियों की शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग है और मतदाता इसे भी चुनाव में महत्वपूर्ण मान रहे हैं। पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राकेश चोपड़ा लंबे राजनीतिक अनुभव के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा समर्थित संदीप शर्मा शिक्षित युवा चेहरे के रूप में मैदान में हैं। कांग्रेस समर्थित तेज सिंह सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी देशराज शामा व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े होने के कारण अपनी अलग पहचान रखते हैं।
राकेश चोपड़ा और उनके परिवार के पास करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति है। शपथपत्र के अनुसार उनके पास नकदी, बैंक जमा राशि, फिक्स डिपॉजिट, बीमा पॉलिसियां और एनएससी में लाखों रुपये जमा हैं। इसके अलावा उनके नाम तीन ट्रक, तीन टेंपो और तीन कारें हैं। आभूषणों की कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। उनके पास करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति, मकान और कमर्शियल भवन भी दर्ज हैं। हालांकि उनके ऊपर करीब 5 करोड़ 45 लाख रुपये का बैंक ऋण भी दर्शाया गया है।
प्रत्याशी देशराज शामा ने भी अपने हलफनामे में लाखों रुपये की बैंक जमा राशि, शेयर, वाहन और करीब 39 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषणों का उल्लेख किया है। उनके पास करीब 20 बीघा जमीन और करोड़ों रुपये का मकान भी है।
भाजपा समर्थित संदीप शर्मा ने शपथपत्र में नकदी, फिक्स डिपॉजिट, स्कूटी और लाखों रुपये के आभूषणों की जानकारी दी है। वहीं कांग्रेस समर्थित तेज सिंह ने भी अपनी नकदी, वाहन, जमीन और मकानों का विवरण शपथ पत्र में प्रस्तुत किया है।
हारकुकार वार्ड में अब चुनाव प्रचार पूरी तरह तेज हो चुका है। चारों प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं। वार्ड में भाजपा और कांग्रेस दोनों दल सक्रिय हैं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी भी अपने स्तर पर चुनाव को रोचक बनाए हुए हैं।
देशराज शर्मा
देशराज शर्मा
देशराज शर्मा