संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर लाडली फाउंडेशन का हस्ताक्षर अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेशव्यापी मुहिम के तहत फाउंडेशन ने चांदपुर पंचायत में हस्ताक्षर और जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस मौके पर वक्ताओं ने घरेलू हिंसा को विकासशील ही नहीं विकसित देशों की भी बड़ी सामाजिक समस्या करार दिया। उन्होंने घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के खिलाफ समाज में जागरूकता बढ़ाकर एकजुट प्रयासों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए हस्ताक्षर अभियान को मजबूती देते हुए इस मुहिम को आगे ले जाने और महिला सशक्तीकरण का संकल्प लिया। लाडली फाउंडेशन ब्रांड एंबेसडर ओशीन शर्मा ने शिविर को बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए कहा कि घरेलू हिंसा दुनिया के लगभग हर समाज में मौजूद है। इसे विभिन्न आधारों पर वर्गीकृत किया जा सकता है।
पति या पत्नी, बच्चों या बुजुर्गों तथा ट्रांसजेंडरों के खिलाफ हिंसा के कुछ उदाहरण प्रत्यक्ष रूप से सामने हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित के खिलाफ हमलावर की अपनाई जाने वाली विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में शारीरिक शोषण, भावनात्मक शोषण, दुर्व्यवहार, मनोवैज्ञानिक दबाव या आर्थिक शोषण, गाली-गलौज, ताना मारना आदि घरेलू हिंसा या महिला उत्पीड़न के अपराध में आता है।
उन्होंने कहा कि यदि हम सही मायनों में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा से मुक्त भारत बनाना चाहते हैं तो वक्त आ चुका है कि हमें एक राष्ट्र के रूप में सामूहिक तौर पर इस विषय पर चर्चा करनी चाहिए। कहा कि यह एक अच्छा तरीका यह हो सकता है कि हम राष्ट्रव्यापी, अनवरत तथा समृद्ध सामाजिक अभियान की शुरुआत करें।