हिमाचल प्रदेश के जंगलों में आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 24 घंटों में प्रदेशभर के जंगलों में 86 स्थानों पर आग लगी। प्रदेशभर में 1 अप्रैल से अब तक जंगलों में आग की कुल 619 घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं, जिसमें 5921.7 हेक्टेयर में वन संपदा राख हो गई है।
पहाड़ भी आग की लपटों में घिरे हुए नजर आ रहे हैं। एक जगह पर आग पर काबू पाया जाता है, इतने में दूसरी जगह आग लगने की सूचना मिल जाती है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार शाम से मंगलवार शाम तक सबसे अधिक धर्मशाला सर्किल में 16 जगहों पर जंगलों में आग लगने की घटनाएं दर्ज हुईं हैं।
बिलासपुर सर्किल में 10, चंबा में सात, हमीरपुर में 18, मंडी में 14, नाहन में आठ, रामपुर में एक, शिमला में तीन और सोलन में नौ जगह आग लगी। सबसे अधिक सोलन सर्किल में 234.5 हेक्टेयर भूमि में वन संपदा राख हुई है। बिलासपुर सर्किल में 215.5 हेक्टेयर, चंबा में 30.5 हेक्टेयर, धर्मशाला में 98.65 हेक्टेयर, हमीरपुर में 107 हेक्टेयर, मंडी में 96.1 हेक्टेयर, नाहन में 200.5 हेक्टेयर और शिमला में 64 हेक्टेयर भूमि पर वन संपदा जली।