बिलासपुर। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग बिलासपुर ने जिले के घाघस और बैरी में शनिवार को दुकानों का निरीक्षण किया है। इस दौरान विभाग की टीम ने दुकानों से दूध, दही व मछली के सैंपल भरे। इन्हें जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजा जाएगा।
खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी केएस ठाकुर ने बताया कि घाघस व बैरी में स्थित सभी दुकानों का निरीक्षण किया गया। कुछ दुकानों में गंदगी भी पाई गई तो उन्हें इसमें सुधार और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के दिशा-निर्देश जारी किए गए। कुछ दुकानदारों के लाइसेंस को रिन्यू करने के लिए भी कहा गया है। बताया कि गर्मियों के सीजन में दूध, दही और जूस जैसे खाद्य पदार्थों पर अधिक फोकस रहता है। सभी दुकानदारों को इन खाद्य पदार्थों को ताजा बेचने के आदेश जारी किए।
उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया है कि इन पदार्थों को खरीदने से पहले एक्सपायरी डेट जरूर जांच लें। अगर कोई दुकानदार खाद्य पदार्थों में मिलावट करता पाया जाता है तो इसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।