-सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस, सप्लायर ने जमानत के लिए लगाई अर्जी
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के कोट गांव में चिट्टा तस्करी के आरोपी अशोक कुमार के घर से मार्च में बरामद पिस्टल को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जिस पिस्टल पर मेड इन अमेरिका लिखा हुआ था, वह असल में कोई विदेशी हथियार नहीं बल्कि एक देसी कट्टा निकला है। यह जानकारी हाल ही में आई फोरेंसिक रिपोर्ट में सामने आई है।
पुलिस को यह भी पता चला है कि इस कट्टे से पहले फायरिंग भी की जा चुकी है। ऐसे में अब पुलिस इस मामले को पूरी तरह से खंगालते हुए उस व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है, जिससे यह हथियार आरोपी तक पहुंचा। मार्च में भराड़ी पुलिस की टीम जब कोट गांव में चिट्टा तस्कर की धरपकड़ के लिए पहुंची थी, तो वहां से यह हथियार बरामद हुआ था। हथियार पर मेड इन अमेरिका लिखा देख पुलिस और स्थानीय लोगों में यह आशंका थी कि यह विदेशी पिस्टल हो सकती है। आरोपी से पूछताछ में यह सामने आया था कि उसने यह देसी कट्टा भांबला क्षेत्र के एक व्यक्ति से खरीदा था। इसके आधार पर पुलिस ने उस व्यक्ति को भी थाने तलब किया। पूछताछ में उसने यह स्वीकार किया कि उसी ने अशोक को कट्टा बेचा था। अब वह व्यक्ति अग्रिम जमानत के लिए अदालत की शरण में गया है। यदि उसकी याचिका खारिज होती है तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस उपाधीक्षक घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि कोट गांव से बरामद हुए पिस्टल की फोरेंसिक रिपोर्ट में स्पष्ट हो गया है कि यह देसी कट्टा है और इससे पहले फायरिंग हो चुकी है। अब पुलिस उस व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है जिसने यह हथियार सप्लाई किया था। बताते चलें कि प्रदेश में बढ़ती अवैध हथियारों की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। रविवार को भी जिले के फोरलेन पर बाहरी राज्य के युवकों से पिस्टल बरामद हुई है। वहीं करीब एक वर्ष पहले कुलवाड़ी गांव में देसी कट्टे से एक व्यक्ति पर हमला हो चुका है। लगातार सामने आ रही अवैध हथियारों की घटनाएं राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस अब हर एंगल से जांच कर रही है ताकि अवैध हथियारों के इस नेटवर्क को पूरी तरह से बेनकाब किया जा सके।