जड्डू गांव में स्थित पशुशाला में लगी आग। स्रोत: जागरूक पाठक
तलाई क्षेत्र के गांव जड्डू मेेें पेश आया हादसा, ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की तत्परता ने 22 पशुओं को सुरक्षित बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं/शाहतलाई (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल के पुलिस थाना तलाई क्षेत्र के गांव जड्डू के वार्ड नंबर चार में शुक्रवार को एक पशुशाला में भीषण आग लगने से करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरी टिनपोश पशुशाला को अपनी चपेट में ले लिया। झंडूता अग्निशमन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीणों से आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया और पशुशाला में बंधे सभी पशुओं की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम जड्डू निवासी मोहर सिंह ने पुलिस को पशुशाला में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद झंडूता अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। अग्निशमन कर्मियों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान पशुशाला में बंधी तीन गाय, एक भैंस और 18 बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। आग की चपेट में आने से पशुशाला की छत पर रखा तूड़ी, सूखा चारा, इमारती लकड़ी, सोलर पैनल, घास काटने की मशीन सहित कृषि एवं पशुपालन से जुड़ा अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आगजनी से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। लीडिंग फायरमैन भाग सिंह ने बताया कि पशुशाला में आग लगने की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद दमकल टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। सड़क संकरी होने के कारण दमकल वाहन मौके तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद टीम ने तालाब से पोर्टेबल पंप के माध्यम से पानी लेकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से कोई जनहानि नहीं हुई और पशुशाला में बंधे तीन गाय, एक भैंस व 18 बकरियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
जड्डू गांव में स्थित पशुशाला में लगी आग। स्रोत: जागरूक पाठक