यूजी, पीजी, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में ले सकते हैं दाखिला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए नए प्रवेश और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब नए प्रवेश और पुनः पंजीकरण 31 जुलाई तक किए जा सकेंगे। यह ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन मोड के सभी कार्यक्रमों पर लागू होगा। इच्छुक अभ्यर्थी जुलाई सत्र के लिए यूजी, पीजी, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। दाखिले के लिए कोई भी अधिकतम आयु सीमा नहीं है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने घर से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एलएससी-1174, स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के इग्नू समन्वयक डॉ. विक्रम सिंह कपिल ने सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया कि वह केवल अपनी पंजीकृत ई-मेल आईडी का उपयोग करके ही पोर्टल पर लॉगिन करें। अभ्यर्थी के दस्तावेज स्पष्ट और वैध होने चाहिए। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वह अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी या अन्य असुविधा से बचा जा सके। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी इग्नू के आधिकारिक पोर्टल या घुमारवीं कॉलेज के इग्नू कार्यालय समय में भी संपर्क कर सकते हैं।