घुमारवीं के डून गांव में आयाजित जागरूकता कार्यक्रम में किसानों को जानकारी देते अधिकारी। स्रोत:
बिलासपुर। घुमारवीं विकासखंड की ग्राम पंचायत कोटलू ब्राह्मणा के गांव डून में शुक्रवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को फसल बीमा योजना के लाभ, पंजीकरण प्रक्रिया और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में दावा (क्लेम) करने की प्रक्रिया की जानकारी देना था।
अधिकारियों ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि समय पर पंजीकरण कराकर किसान कम प्रीमियम पर अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। उन्होंने बीमा कवरेज, पात्रता, प्रीमियम दरों और क्लेम प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। वक्ताओं ने किसानों से प्राकृतिक आपदाओं और अन्य जोखिमों से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योजना के प्रति रुचि दिखाई। कार्यक्रम में यूको बैंक बिलासपुर के अग्रणी जिला प्रबंधक चंद्रशेखर, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड डिस्ट्रिक्ट साहिल कीर्ति, पंचायत प्रधान रोशन लाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद