विधायक ने किया पशु मंडी और किसान मेले का किया समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने सुई सुराहड़ में आयोजित पशु मंडी और किसान मेले का विधिवत समापन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेले हमारी सभ्यता और संस्कृति के परिचायक हैं। मेलों से लोगों में भाईचारा और प्रेम भाव बढ़ता है, साथ ही यह मनोरंजन का भी उत्तम माध्यम हैं।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति को बधाई दी। विधायक ने इस मौके पर मोदी सरकार की ओर से लागू जीएसटी दरों में कटौती का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे आम आदमी की रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भारी कमी आएगी और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। इस मेले में महिला मंडलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि युवक मंडल ने खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। रणधीर शर्मा ने विजेता टीमों, महिला मंडलों और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए। इसके अलावा, पशु मेले में आए उच्च नस्ल के पशुओं के लिए पशुपालकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान अरुणा शर्मा, पूर्व प्रधान सुरेंद्र भारती, रानी कोटला पंचायत प्रधान परस राम कौंडल, उप प्रधान बलविंद्र ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य सीताराम ठाकुर, मेला समिति अध्यक्ष नरेश कुमार और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।