घुमारवीं -सुनहानी-बरठीं सड़क किनारे फेंके एक्सपायरी कीटनाशक और बीज।
- फोटो : BILASPUR
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की करंगोड़ा पंचायत के तहत घुमारवीं-सुनहाणी-बरठीं सड़क किनारे अज्ञात लोगों ने एक्सपायरी डेट के कीटनाशक और बीज फेंक दिए हैं। इससे यहां से गुजरने वाले राहगीरों के लिए समस्या पैदा हो गई है।
कीटनाशक दवाइयां इतनी खतरनाक होती हैं, जिनके नंगे हाथ से छूने से खतरा होता है। रोजाना इस रास्ते से दर्जनों बच्चे स्कूल पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के पालतू पशु भी जंगल में घास चरने के लिए इस सड़क से गुजरते हैं। एक्सपायरी दवाइयों को कभी खुले में नहीं फेंका जा सकता ऐसी दवाइयों को गड्ढे में दबाना होता है।
इन दवाइयों को खुले में फेंकने से बदबू फैल गई है। राहगीर जब यहां से गुजरते हैं तो चक्कर आने लगते हैं। डीओ एग्रीकल्चर राजीव शर्मा ने कहा कि खुले में कीटनाशक दवाइयां फेंकना गलत है। एक्सपायरी दवाइयों का सही तरीके से निष्पादन करना होता है। खुले में कीटनाशक दवाइयां किसने फेंकी हैं, इसकी जांच करवाई जाएगी। दवाइयों पर बेच नंबर होते हैं जांच की जाएगी कि यह दवाइयां किस दुकान पर आई थीं। एसडीएम घुमारवीं राजीव ठाकुर ने कहा कि इस बारे में विकास खंड अधिकारी को सूचित किया जा रहा है ताकि पंचायत प्रतिनिधियों से बात कर उन दवाइयों का सही तरीके से निष्पादन किया जा सके।