उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को प्रेषित किया ज्ञापनसंवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड बिलासपुर के सैनिकों ने सोमवार को शहीद स्मारक पर वन पेंशन वन रैंक की विसंगतियों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिकों ने इसके बाद उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली। रैली के दौरान सैनिकों ने साडा हक ऐथे रख के नारे लगाए। सैनिकों ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एक्स सर्विसमैन के चेयरमैन बालक राम ने बताया कि सिपाही से लेकर एचसीओ तक की मांगों को सरकार अनदेखा कर रही है। इससे करीब 37 लाख पूर्व सैनिक और उनके परिवारों में रोष है। सरकार का जो सर्कुलर नंबर 555 और 666 है, उसमें दिन रात का अंतर है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि पूर्व सैनिकों की मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए। जंतर मंतर पर सैनिक लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई भी राहत अभी तक नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक वह आंदोलन करते रहेंगे। जवान, एनसीओ, जेसीओ, एचसीओ के लिए पेंशन निर्धारित करने का आधार औसत की जगह अधिक होना चाहिए। ऐसा न होकर इनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। कहा कि पूर्व सैनिक सिर्फ अपना हक मांग रहे हैं और उन्हें उनका हक दे दिया जाए। रैली के दौरान सैनिकों ने भारत माता की जय और जिस देश के सैनिक सड़कों पर, उस देश का यह दुर्भाग्य है जैसे नारे लगाए। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय तक शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकाली गई। रोष रैली में सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। इस मौके पर कैप्टन हंसराज शर्मा, कैप्टन सीताराम, कैप्टन प्रकाश चंद, सूबेदार मान सिंह, सूबेदार लेखराम, सूबेदार प्रेम सिंह, सूबेदार बली राम, सूबेदार चुन्नी लाल और नायक रूपलाल सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
पूर्व सैनिकों से मिलने बाहर आए उपायुक्त आबिद
पूर्व सैनिकों ने उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक को ज्ञापन सौंपा और उनसे आग्रह किया कि बाहर आकर सभी से मिलें। इस छोटे से आग्रह पर उपायुक्त सभी सैनिकों से मिलने बाहर आए और सैनिकों से बात की। सभी सैनिकों ने उपायुक्त का इसके लिए धन्यवाद किया।