चैत्र नवरात्र में बीते साल 1,23,70,856, इस बार 1,08,99,535 का चढ़ावा
-रविवार को भी भारी संख्या में मां के दरबार पहुंचे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। चैत्र नवरात्र मेले में श्री नयनादेवी जी मंदिर न्यास को पिछले साल की तुलना में करीब 15 लाख रुपये चढ़ावा कम प्राप्त हुआ है। वहीं श्रद्धालु भी पिछले साल की तुलना में आधे पहुंचे हैं। इसका कारण पंजाब में चल रहे अमृतपाल प्रकरण और लगातार खराब रहे मौसम को माना जा रहा है।
मंदिर न्यास की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार इस बार के चैत्र नवरात्र में 1,08,99,535 करोड़ रुपये नकद चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं, जबकि पिछले साल के चैत्र नवरात्र मेले में 1,23,70,856 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। इस बार चैत्र नवरात्र मेले में 95,000 श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 2,23,000 था। इसके अलावा इस बार चैत्र नवरात्र में मंदिर न्यास को सोना, चांदी और विदेश मुद्रा भी पिछले साल के चैत्र नवरात्र की तुलना में कम प्राप्त हुई है। उधर, रविवार को भी श्रद्धालुओं ने भारी संख्या में मां के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। मंदिर के कपाट सुबह 4:00 बजे खोल दिए गए थे। श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। भारी उत्साह से भरे श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में खूब भेंटें भी गाईं और माता के जयकारे लगाए। इसके अलावा मंदिर के समीप पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं ने जल सेवा का भी प्रबंध किया था। सेवकों ने कतार में लगे श्रद्धालुओं को पानी वितरित किया।