बिलासपुर। पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने जिले में नशे के मकड़जाल पर चिंता जताई है। विभाग के पूर्व कर्मियों के अनुसार बिलासपुर में नशे का अवैध कारोबार बढ़ रहा है। युवा नशे के दलदल में फंस रहे हैं।
समय रहते इस पर अंकुश न लगा तो हालात खराब हो सकते हैं। सेवानिवृत्त कर्मी पुलिस लाइन बिलासपुर में एसपी एसआर राणा और अन्य अधिकारियों के साथ हुई बैठक में बोल रहे थे। बैठक का आयोजन जिला पुलिस कप्तान की पहल पर किया गया।
थाना घुमारवीं, तलाई, भराड़ी व झंडूता के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत रहने वाले पुलिस विभाग से 61 सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैठक में भाग लिया। इस दौरान सेवानिवृत्त डीएसपी 85 वर्षीय अनंत राम और अधिकारियों व कर्मचारियों ने कानून व्यवस्था में सुधार और नशे के खिलाफ जारी मुहिम में अपने अनुभवों को साझा करते हुए नशे के समाज पर पड़ रहे दुष्प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की। रिटायर्ड कर्मियों ने समाज हित के हर मुद्दे पर पुलिस का हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक एसआर राणा ने कहा कि सेवानिवृत्त लोगों के अनुभवों का लाभ उठाते हुए पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए उनका सक्रिय सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया। पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को सकारात्मक विचारों के साथ सक्रिय जीवन शैली अपनाने का सुझाव देते हुए सभी को अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की शुभकामना दी।