गोबिंदसागर झील किनारे स्थित कहलूर स्टेडियम बिलासपुर में वीरवार को पुरुष और महिलाओं की दो दिवसीय 10वीं राष्ट्रीय स्पोर्ट्स एरोबिक्स फिटनेस चैंपियनशिप शुरू हो गई।
भारतीय और हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स एरोबिक्स फिटनेस संघ के तत्वावधान में आयोजित चैंपियनशिप का शुभारंभ राज्य योजना विकास एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष राम लाल ठाकुर ने किया।
प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही स्पोर्ट्स एरोबिक्स फिटनैस चैंपियनशिप में महाराष्ट्र, गोवा, दादर नगर हवेली, कर्नाटक, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू एंड कश्मीर, गुजरात, झारखंड, असम, केरला और उतराखंड सहित हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
स्पोर्ट्स, फिटनेस और स्टेप एरोबिक्स और हिप-हॉप डांस पर आधारित चैंपियनशिप में अंडर-11, 14, 17 और 19 सहित सीनियर वर्ग में करीब 360 पुरुष और महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। शुभारंभ अवसर पर आईएसएएफएफ हिमाचल प्रदेश आर्गनाईजेशन कमेटी के अध्यक्ष एवं परशुराम अवार्डी डॉ. संजय यादव ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर आईएसएएफएफ अध्यक्ष संजय कुमार सुरैहली, महासचिव संतोष खैरनार, प्रदेश स्पोर्ट्स एरोबिक्स फिटनेस संघ के महासचिव विपिन चंदेल, संयुक्त सचिव सुनीता ग्रोवर, देवेंद्र वशिष्ठ, के. पार्थीपन, मनोज पटियाल, संदीप सांख्यान, विवेक कुमार और श्यामलाल कौंडल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
एरोबिक्स को लोकप्रिय बनाने को होंगे प्रयास : रामलाल
मुख्यातिथि रामलाल ठाकुर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलें हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं, जो शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए अहम भूमिका निभाती हैं। एरोबिक्स हिमाचल प्रदेश के लिए क नया खेल हैं, लेकिन इसे लोकप्रिय बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी खेल में महारत हासिल करने के लिए खिलाड़ियों को खेल के प्रति समर्पण की भावना पैदा करना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को इस खेल में बढ़-चढ़ कर भग लेने का भी आह्वान किया।
एशियन चैंपियनशिप में भाग लेंगे स्वर्ण और रजत प्राप्त खिलाड़ी
भारतीय एरोबिक्स फिटनेस संघ के उपाध्यक्ष संतोष देशमुख ने बताया कि चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों का चयन मई माह के अंतिम सप्ताह में होने वाली इंडो-भूटान एशियन चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। एशियन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अक्तूबर माह में मास्को में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।