संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पिछड़ा क्षेत्र कोटधार की ग्राम पंचायत धनी के गांव खरली में बारह लाख रुपये की लागत से बिजली का टांसफार्मर लगाने से खरली के 40 परिवारों के करीब 300 बाशिंदों की बीते दस सालों से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या हल हो गई है।
लंबे अरसे से इस गांव के ग्रामीणों को कम वोल्टेज से जहां बिजली की समस्या से जूझना पड़ रहा था। वहीं बिजली उपकरण बार-बार जलने से आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा था। कई बार तो वोल्टेज इतनी कम होती थी कि पंखे और फ्रिज भी नहीं चलते थे। अब कम वोल्टेज की समस्या का हल करने के लिए बारह लाख रुपये की लागत से बिजली का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया।
खरली निवासी मस्त राम, रणजीत सिंह, विजय कुमार, विमला देवी और राजकुमार ने कहा कि खरली में बीते 10 सालों से कम वोल्टेज की समस्या चली आ रही थी। बिजली बोर्ड के पास कई बार शिकायत पत्र देकर वोल्टेज की समस्या को हल करने का आग्रह किया गया। वहीं अब जाकर इस समस्या का हल हुआ। वहीं झंडूता के विधायक जेआर कटवाल ने कहा कि लोगों की समस्याओं का निवारण उनकी प्राथमिकता है।