जिला में शनिवार रात को बारिश के कारण तीन मकान ढह गए। इससे कई परिवार बेघर हो गए हैं जबकि मकान गिरने से लाखों का सामान जमींदोज हो गया। प्रशासन ने सूचना मिलते ही घटना का जायजा लेकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। पहला मामला विकास खंड स्वारघाट की ग्राम पंचायत टाली-जकातखाना के गांव दगड़ाहण का है। यहां शनिवार को भारी बारिश के बाद रविवार की सुबह एक दो मंजिला मकान ढह गया। हालांकि हादसे के समय घर में कोई नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। मकान के गिरने से लाखों रुपये का नुकसान आंका जा रहा है। हादसे के समय परिवार के सदस्य दूसरे घर में सो रहे थे।
सूचना मिलते ही तहसीलदार स्वारघाट जसपाल ने मौके पर जाकर पटवारी को नुकसान का जायजा लेकर पूरी रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए है। हालांकि अभी तक पीड़ित परिवारों को प्रशासन की तरफ से फौरी राहत के रूप में कोई सहायता नहीं मिल पाई है। भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि रविवार सुबह 5 बजे दगड़ाहण गांव के विजय पाल और बालक राम सपुत्र स्व. ज्योति राम का दो मंजिला मकान अचानक ढह गया।
जब मकान गिरा तो उस समय परिवार के सदस्य दूसरे घर में सोये थे। मकान में कोई न होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। सूचना मिलते ही टाली-जकातखाना पंचायत प्रधान रूप लाल ठाकुर, उपप्रधान कुलदीप सिंह, बीडीसी सदस्य इंदिरा ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में परिवार की सहायता की।
शनिवार को हुई भारी बारिश के कारण रविवार तड़के मकान का आधा हिस्सा गिर गया जोकि दो भाइयों विजय पाल और बालक राम का है। जबकि चेतराम के हिस्से का मकान बचा है, जो कभी भी ढह सकता है। मकान गिरने से कमरों में रखा सारा सामान मलबे के दब गया है।