जुखाला (बिलासपुर)। चिकित्सकों की पेन डाउन स्ट्राइक शनिवार को दसवें दिन में प्रवेश कर गई। शनिवार को जिले के चिकित्सकों ने सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक पेन डाउन हड़ताल की। हिमाचल मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के जिला सचिव डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन को वार्ता के लिए बुलाया था, लेकिन मुख्यमंत्री की तबियत खराब हो गई जिस कारण बैठक स्थगित हो गई। एसोसिएशन मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती है।
बताया कि एसोसिएशन की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जब तक मुख्यमंत्री स्वस्थ होकर अपना कार्यभार नहीं संभाल लेते तब तक संघर्ष को तेज नहीं किया जाएगा। पहले की तरह रोजाना दो घंटे पेन डाउन स्ट्राइक जारी रहेगी। सोमवार को एसोसिएशन की बैठक होगी, जिसमें आगामी रणनीति बनाई जाएगी। 21 फरवरी तक प्रदेश में पेन डाउन स्ट्राइक जारी रहेगी।