बीडीटीएस ने चार जगह किए कार्यक्रम
5.39 करोड़ के चेक भी ट्रांसपोर्टरों को सौंपे
बरठीं बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को सभा देगी आर्थिक सहायता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा सीमेंट फैक्ट्री से ढुलाई कार्य कर रही ट्रक परिवहन सभा बीडीटीएस ने दिवाली उपहार वितरण कार्यक्रम के चारों चरण पूरे कर लिए हैं। महासचिव सुरेश चौधरी ने बताया कि स्वारघाट, बिलासपुर, घुमारवीं और बरमाणा में आयोजित चारों समारोहों के दौरान ट्रांसपोर्टरों को कांसे की थालियों के साथ चेक उपहार स्वरूप वितरित किए गए।
चार चरणों में 5 करोड़ रुपये के चेक वितरित किए गए। इसमें सालाना हाइक राशि 1.45 प्रतिशत, टकोली टोल प्लाजा का बकाया 1,28,630 रुपये, बलोह टोल प्लाजा का 14,34,579 रुपये और बरमाणा की चार किलोमीटर खराब सड़क से हुई क्षति की भरपाई राशि 31,44,829 रुपये शामिल है।
वितरण प्राप्त करने वालों में श्री नयना देवी जी, स्वारघाट, तनबौल, किरतपुर, जुखाला, जबली, चांदपुर, बिलासपुर, दयोथ वार्ड, कुठेड़ा, लदरौर, घुमारवीं, बरठीं और समोह क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर शामिल रहे। मंगलवार को बरमाणा बीडीटीएस कार्यालय में आयोजित अंतिम चरण में हरनोड़ा, बरमाणा, पंजगाई, धौण कोठी, धार टटोह, बागी और बिनौला क्षेत्रों के ट्रांसपोर्टरों को चेक वितरित किए गए।
सभा प्रधान नीलम चंदेल ने बताया कि बीडीटीएस ने हाल ही में मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 15 लाख रुपये की राशि आपदा राहत हेतु प्रदान की है। साथ ही बरठीं बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को हरसंभव आर्थिक सहायता देने का निर्णय सभी ट्रांसपोर्टरों की सर्वसम्मति से लिया गया।
बीडीटीएस प्रबंधन ने बरठीं बस दुर्घटना में 16 लोगों की दुखद मौत पर शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधान नीलम चंदेल, महासचिव सुरेश चौधरी, चेयरमैन लेख राम वर्मा, कोषाध्यक्ष बालक राम कपिल, मुख्य संरक्षक ध्यान सिंह ठाकुर, गोसदन अध्यक्ष राजेश ठाकुर, वरिष्ठ उप प्रधान कमल किशोर, गो सदन कोषाध्यक्ष गंगा सिंह ठाकुर, प्रधान सचिव कुलदीप ठाकुर, संयुक्त सचिव विकास भार्गव, सचिव श्याम सिंह ठाकुर, कर्मचारी मुखिया नंदलाल ठाकुर, पूर्व चेयरमैन नंदलाल ठाकोर, सुभाष ठाकुर, अरविंद शांडिल्य सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।