भूमि मालिक ने विभाग पर लगाया सहमति पत्र नहीं लेने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी के तहत तड़ौन-बलोटा-लदरौर सड़क के विस्तारीकरण के दौरान विभाग ने बिना अनुमति मलकियत भूमि की खोदाई कर दी। भूमि मालिक को जैसे ही इसका पता चला तो उन्होंने काम रुकवा दिया।
भूमि मालिक राज कुमारी ने बताया कि उनकी जमीन तड़ौन पंचायत के बलोटा में है। वह खुद दूसरी जगह रहते हैं। बुधवार को उन्हें जानकारी मिली कि तड़ौन-लदरौर सड़क के विस्तारीकरण के दौरान उनकी मलकियत भूमि में विभाग ने खोदाई करवा रहा है। जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि भूमि पर खोदाई कर दी गई थी। पहले जब सड़क का निर्माण हुआ था तब भी उनकी जमीन से सड़क निकाली थी। अब विभाग ने बिना उनसे सहमति लिए खोदाई कर दी। सरकार या विभाग जब भी ऐसा कोई कार्य शुरू करता है तो भूमि पैमाइश की जाती है। सड़क के किनारे किसकी भूमि है। सरकारी रकवा कितना है, उसकी जानकारी विभाग उपलब्ध करता है। उन्होंने विभाग से निजी भूमि में किए जा रहे कार्य बंद करने की मांग की है।
एसडीओ रत्न सिंह ने कहा कि जब सड़क विस्तारीकरण का कार्य शुरू हुआ था, तो लोगों से सहमति ली गई थी। लोगों की जमीन के बीच में किसीअन्य व्यक्ति की जमीन है, उस बात की जानकारी नहीं थी। जैसे ही मालूम चला तो काम बंद कर दिया है। सहमति मिलने के बाद कार्य किया जाएगा।