मतदान तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा
-बामटा, बल्ह-बल्हवाणा पंचायतों के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पंचायत चुनावों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने सदर विकास खंड की बामटा और बल्ह-बल्हवाणा पंचायत में बनाए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, बैठने की सुविधा सहित मतदान प्रक्रिया से व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाई जाए तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की चुनाव प्रचार सामग्री, झंडे, बैनर, पोस्टर, परचे अथवा चुनाव चिन्ह प्रदर्शित न हों। सभी मतदान केंद्रों के आसपास आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।