- जांगला पंचायत प्रतिनिधियों ने किया कार्यस्थल का निरीक्षण
-बोले, पेयजल योजना का काम बंद नहीं किया तो करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत जांगला के रुक्मणी कुंड से घुमारवीं क्षेत्र के लिए बनाई जा रही पेयजल योजना के विरोध में पंचायत प्रतिनिधियों ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि इसे बंद कराने के लिए प्रशासन को भी अवगत कराया गया है। यदि शीघ्र इसे बंद न किया गया तो पंचायत के लोग आंदोलन करेंगे।
जांगला पंचायत प्रतिनिधि शनिवार को कार्यस्थल पर पहुंचे। प्रधान सरला चंदेल और उप प्रधान अमर नाथ ने बताया कि पंचायत द्वारा पहले ही अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर को इस योजना को बंद करने का ज्ञापन सौंपा है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि रुक्मणी कुंड झंडूता विधानसभा क्षेत्र और जल शक्ति विभाग झंडूता में पड़ता है। कार्य जल शक्ति विभाग घुमारवीं द्वारा उनके ठेकेदार से कराया जा रहा है। रुक्मणी कुंड से पहले ही 10 पंचायतों के लोगों को पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसकी आपूर्ति भी पर्याप्त मात्रा में नहीं होती है। यह कुंड लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है। धार्मिक स्थल होने के कारण हजारों श्रद्धालुओं के नहाने के लिए आस्था का केंद्र स्थल है। गर्मी के मौसम में पानी की कमी के कारण लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चेताया कि अगर इस मामले में जल्द से कोई कार्रवाई नहीं की गई तो जनता आंदोलन का रुख अपनाएगी।