बिलासपुर। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला बिलासपुर की वर्चुअल बैठक प्रधान रमेश शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित हुई। इसमें छठे वेतन आयोग को लागू करने के लिए हिमाचल सरकार की ओर से 3 जनवरी 2022 को जारी अधिसूचना में आवश्यक संशोधन शीघ्र किए जाने की मांग की गई।
जिला मीडिया प्रभारी खूब सिंह ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में नियुक्त जेबीटी को पंजाब की तर्ज पर 37600 रुपये का शुरुआती मूल वेतन दिया जाए। 2.59 गुणांक का विकल्प चुनने वाले कर्मचारियों को एश्योर्ड कॅरिअर प्रोग्रेशन स्कीम 2012 के अनुसार नई फिक्सेशन होने पर यदि एसीपी का लाभ बनता है तो उसे तुरंत प्रभाव से जारी किया जाए। भविष्य में भी इस योजना को कर्मचारियों के लिए पदोन्नति लाभ न मिलने की स्थिति में क्षतिपूर्ति लाभ के रूप में जारी रखा जाए। प्रदेश सरकार की ओर से 3 प्रतिशत महंगाई किस्त जारी करने और संशोधित वेतनमान में 15 फीसदी के तीसरे विकल्प को दिए जाने के लिए जिला इकाई ने प्रदेश सरकार का आभार प्रकट किया है, लेकिन संशोधित वेतनमान में कर्मचारी हित से जुड़े मुख्य बिंदु अभी भी हल नहीं हो पाए हैं। सरकार की सकारात्मक पहल के बाद प्राथमिक शिक्षक संघ ने अपना आंदोलन सार्थक परिणामों की आशा में स्थगित किया है।
बैठक में विशेष रूप से राज्य कार्यकारिणी में सचिव राकेश पटियाल, जिला महासचिव सुनील शर्मा, कोषाध्यक्ष सुशील कुमार, मुख्य संरक्षक रणजीत ठाकुर, वरिष्ठ उपप्रधान जोगिंदर कुमार, कोषाध्यक्ष सुशील कुमार, सचिव नरेश शर्मा, महालेखाकार बलबीर ठाकुर, मुख्य सलाहकार अमरनाथ, प्रेस सचिव सतपाल ठाकुर, राज्य कार्यालय सचिव राजीव शांडिल तथा 5 शिक्षा खंडों के प्रधान होशियार सिंह, बसंत ठाकुर, कश्मीर सिंह, अनिल शर्मा और नरेश राणा और उनकी समस्त कार्यकारिणी, संजीव ठाकुर, रूप लाल, नसीब सिंह आदि उपस्थित रहे।