राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगेड़ में बैठक कर कर्मचारियों ने उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शिक्षा विभाग में कार्यरत जिले के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की बैठक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगेड़ में हुई। इसकी अध्यक्षता चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के जिला प्रधान संजय शर्मा ने की। राज्य प्रधान भूतू राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में मांगों और समस्याओं से संघ के पदाधिकारियों को अवगत करवाया गया। जिला प्रधान संजय शर्मा ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल जल्दी ही शिक्षा उपनिदेशक बिलासपुर से मिलेगा और हल करवाएगा। संजय शर्मा ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 से 60 वर्ष होनी चाहिए क्योंकि यह एक ऐसा वर्ग है जो अंशकालीन जलवाहक और दैनिक भोगी के रूप में 14 से 15 वर्ष कम मानदेय पर सेवाएं दे चुका है। मई 2001 से पहले लगे कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष ही है जो कर्मचारी 2001 के बाद लगे हैं उनकी सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष है। अब इन कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का कोई लाभ नहीं मिल रहा है क्योंकि यह कर्मचारी नियमित होने के बाद जल्दी ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की एक समान सेवानिवृत्ति आयु की जाए। कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए लिपिक कोटा बढ़ाया जाए। नए पे स्केल पर कर्मचारियों को राइडर का फायदा दिया जाए और कर्मचारियों का मेडिकल भत्ता जो 400 फिक्स है उसे बढ़ाकर 1000 रुपये किया जाए। रात्रि सेवा में जो कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें चौकीदार का भत्ता दिया जाए। संघ सरकार से यह मांग भी करता है कि मल्टीटास्क वर्कर को स्थायी पॉलिसी में लाया जाए। राज्य कार्यकारिणी के प्रधान भूतू राम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही राज्य कार्यकारिणी का प्रतिनिधिमंडल मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मिलेगा। इस मौके पर राज्य महासचिव जगदीश चंद्र, वरिष्ठ उपप्रधान शीला देवी, पूर्व महासचिव राजपाल ठाकुर, हमीरपुर के जिला प्रधान परमजीत, बिलासपुर कार्यकारिणी के महासचिव काकूदीन आदि मौजूद रहे।