घुमारवीं(बिलासपुर)। डीपीई संघ की जिला कार्यकारिणियों की बैठक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या बिलासपुर में प्रदेश डीपीई संघ के संयुक्त सचिव दीपक यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में काफी लंबे समय से सेवाएं दे रहे डीपीई की मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। एक एक्शन प्लान कमेटी का गठन किया गया जो कार्यकारिणी के साथ मिलकर अपनी मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
जिला बिलासपुर डीपीई संघ के प्रधान सुरजीत सिंह परमार ने बताया कि इस बैठक में कई मांगों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि संघ समान काम, समान पद और समान वेतन की मांग काफी लंबे समय से करता आ रहा है। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग तथा हिमाचल सरकार ने आज तक इस मांग को पूरा नहीं किया गया। प्रदेश के 263 डीपीई को 5400 ग्रेड पे दिया जा रहा है। इसी वर्ग के 1037 डीपीई को 5000 ग्रेड पे दिया जा रहा है और छठे वेतन आयोग की गणना में इन 1037 डीपीई को काफी नुकसान हो रहा है।
डीपीई संघ सरकार से यह मांग कि है कि प्रदेश के सभी डीपीई की वेतन विसंगति को दूर कर एक समान 5400 ग्रेड पे देने के साथ-साथ सभी डीपीई को प्रवक्ता पद नाम दिया जाए। उन्होंने कहा कि बैठक में हिमाचल के सात जिलों की कार्यकारिणी के साथ डीपी संघ के सदस्यों ने भाग लिया। इस बैठक में जिला शिमला के प्रधान चंद्र सिंह बदरेल, जिला ऊना के प्रधान जगजी सिंह, हमीरपुर के प्रधान दिनेश पटियाल, जिला मंडी से वीरेंद्र भारद्वाज, जिला सिरमौर के प्रधान दिनेश शर्मा, जिला बिलासपुर के सुजीत सिंह परमार, जिला कांगड़ा के प्रधान दिनेश भास्कर ने अपनी कार्यकारिणियों के साथ भाग लिया।