भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत दधोल पंचायत के वार्ड नंबर चार में नाले में व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय ज्ञान चंद पुत्र दीवाना राम दधोल कलां के रूप में हुई है। ज्ञान चंद वाईएस परमार यूनिवर्सिटी नौणी से सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस ने भराड़ी थाना में केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
ज्ञान चंद शनिवार को घर से थोड़ी दूर एक समारोह में खाना खाने के लिए गए थे। पत्नी अपने बेटे के साथ मायके गई थी। रविवार सुबह जब ज्ञान चंद की पत्नी और बेटा घर आए तो ताला लगा देखा। बेटे शुभम ने बताया कि घर में पिता नहीं मिले तो तलाश शुरू की। आस पड़ोस के लोग भी ढूंढने लगे। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर नाले में ज्ञान चंद का शव तैरते हुए देखा। लोगों ने शव को बाहर निकाला। स्थानीय उपप्रधान पुरुषोत्तम ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। भराड़ी थाने से मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की जांच की तो चोट का कोई निशान नहीं मिला। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।