बिलासपुर के नलवाड़ी मेले के लिए बना निमंत्रण पत्र। इसके माध्यम से प्रशासन बेटी बचाओं का भी संदेश दे रहा है।
- फोटो : अमर उजाला
मैं तो हूं एक नन्हीं सी जान, बनने से पहले ही मत मिटाओ मेरा नामोनिशान। सुन लो मेरी ये पुकार, देखने दो मुझे ये संसार। बनूंगी तुम्हारे आंगन की मुस्कान, करने दो मुझे रौशन ये जहान। बेटियां बचाने को जिला प्रशासन के मुस्कान अभियान का यह संदेश राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले के निमंत्रण-पत्र के साथ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
जिला प्रशासन निमंत्रण पत्र के माध्यम से एक पंथ से दो काज कर रहा है। लोगों को राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का निमंत्रण भी दिया जा रहा है। साथ में बेटियां बचाने का संदेश भी इस माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। जिला बिलासपुर में 17 मार्च से लेकर 23 मार्च तक राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का आयोजन किया जाएगा।
इसके लिए प्रशासन ने नलवाड़ी मेले के लिए निमंत्रण-पत्र 2016 तैयार किया है। निमंत्रण-पत्र के पन्नों पर जहां मुस्कान अभियान का लोगो लगाया है। वहीं बेटियां बचाने को जिला प्रशासन की शुरू की गई पहल मुस्कान का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
विदित रहे कि जिला प्रशासन ने बेटियां बचाने के लिए जिला में व्यापक स्तर पर मुस्कान अभियान शुरू किया है। इसके तहत बेटी पैदा होने पर अभिभावकों का सम्मान किया जाता है तो वहीं बेटी के नाम आरडी भी दी जाती है।
2016 के राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले के निमंत्रण-पत्र में जिला प्रशासन ने निमंत्रण देने के साथ बेटियां बचाने का संदेश दिया है। जिला मुख्यालय पर होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का शुभारंभ 17 मार्च को होगा, वहीं मेले का समापन 23 मार्च को होगा। मेले में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। खेल गतिविधियों सहित लोग कुश्तियों का लुत्फ भी उठाएंगे।