बिलासपुर। जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। इस दौरान सामाजिक दूरी की अवहेलना हो रही है। सोमवार और मंगलवार को जिला अस्पताल में 1300 ओपीडी रही। एम्स चिकित्सकों की जिला अस्पताल में तैनाती के बाद मरीजों की लंबी लाइनें लग रही हैं। सुबह 9 बजे से ही ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ लग रही है।
बता दें कि कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद अब परिवहन सेवाएं शुरू हो गई हैं। इसके कारण अब जिला अस्पताल में भी मरीजों के आने का सिलसिला बढ़ गया है। एम्स डॉक्टरों की तैनाती के बाद जिला अस्पताल में ज्यादा संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में 700 की ओपीडी रही। वहीं मंगलवार को 600 के करीब ओपीडी रही। जिला अस्पताल में सुबह 9 बजे से लोग लाइनों में लग जाते हैं। एम्स विशेषज्ञों की ओपीडी के बाहर काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल में एम्स के ईएनटी, आई, हड्डी रोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट ओपीडी में बैठे। गायनी, स्किन विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ व रेडियोलॉजिस्ट के पास काफी संख्या में लोग पहुंचे। बारी-बारी से डॉक्टरों ने इनके स्वास्थ्य की जांच की। बुधवार को एम्स के विशेषज्ञ मेडिसिन और गायनी ओपीडी में सेवाएं देंगे।
एमएस बिलासपुर नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि लोगों को सामाजिक दूरी की पालना करने की बार-बार हिदायत दी जा रही है। नियमों की पालना करना लोगों की भी जिम्मेवारी बनती है।