- दुकानदारों के मुरझाए चेहरे पर छोटी दिवाली लाई मुस्कान
धनतेरस पर बारिश के चलते पूरे दिन पसरा रहा था सन्नाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। धनतेरस के दिन बारिश के वजह से दुकानदारों के मुरझाए चेहरों पर छोटी दिवाली मुस्कान लेकर आई। दिवाली से एक दिन पहले मनाए जाने वाली छोटी दिवाली के दिन बाजारों में खरीदारी के लिए जमकर भीड़ उमड़ी। सुबह से शाम तक बाजारों में खरीदारी होती रही।
घुमारवीं शहर में देर शाम तक दुकानदारों द्वारा लगाए गए स्टॉल और सेल काउंटर ग्राहकों से भरे नजर आए। लोगों ने देर शाम तक जमकर खरीदारी की। धनतेरस पर दुकानदारों के चेहरे पर छाई मायूसी खुशी में बदल गई। क्योंकि दिनभर उम्मीद से बढ़कर कारोबार हुआ। मिठाई, इलेक्ट्रॉनिक्स, गारमेंट्स, पटाखे, हैंडलूम और अन्य सभी दुकानों पर देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ नजर आई। शाम होते-होते बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं रही। हालांकि पूरे दिन शहर में जाम की स्थिति भी बनी रही। इससे कई दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित रहा। बावजूद इसके छोटी दिवाली दुकानदारों के लिए सौगात लेकर आई। शहर के व्यापारियों को अब उम्मीद है कि यह रौनक दिवाली और उसके बाद भी बनी रहेगी और धनतेरस के दिन हुए उनके नुकसान की भरपाई हो जाएगी। बता दे कि धनतेरस और दिवाली के लिए दुकानदारों द्वारा सामान का अधिक स्टॉक इकट्ठा करके रख लिया जाता है, क्योंकि धनतेरस से लेकर दिवाली तक बाजार में लोग खूब खरीदारी करने आते हैं। इस बार धनतेरस के दिन पूरे दिन बारिश होने की वजह से बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार दुकानों में रखे स्टॉक की चिंता में डूबे रहे, क्योंकि दुकानदारों डर सता रहा था कि अगर शनिवार और रविवार को भी बारिश हुई तो उन्हें इसके चलते भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। छोटी दिवाली पर सुबह से ही मौसम साफ नजर आया और पूरे दिन धूप खिली रही। इसके चलते लोग बाजार में खरीदारी करने निकले, जिससे दुकानदारों ने राहत की सांस ली।