विकास खंड स्वारघाट के तहत कुटैहला पंचायत के थापना गांव में एक 32 वर्षीय युवक की गिरने से मौत हो गई। प्रारंभिक दृष्टि में युवक की मौत अत्यधिक शराब पीकर रास्ते में गिरने से बताई जा रही है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर युवक के शव का क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, ताकि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना स्वारघाट के तहत आने वाले थापना गांव के 32 वर्षीय राजेंद्र कुमार उर्फ गगन पुत्र चेतराम शुक्रवार देर रात शराब के नशे में घर से बाहर निकला तो रास्ते में गिर गया। इससे उसकी मोके पर ही मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में मृतक के परिजनों ने बताया कि राजेंद्र शराब का अत्यधिक सेवक करता था और इसका आदी हो चुका था। शुक्रवार देर रात भी राजेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा था, लेकिन कुछ देर बाद ही वह दोबारा शराब लाने के लिए घर से बाहर निकल गया। इस दौरान राजेंद्र कुमार घर से कुछ ही दूरी पर रास्ते में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों को इसका पता शनिवार सुबह लगा जब किसी ने उन्हें बताया कि आपका बेटा रास्ते में गिरा है। घटना का पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मगर तक तक राजेंद्र की मौत हो चुकी है। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस थाना स्वारघाट को दी। जहां से एएसआई हरीश कुमार शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शनिवार देर शाम परिजनों को सौंप दिया है।
बेटे की अकस्मात मौत से 84 वर्षीय पिता चेतराम पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक की माता का करीब 20 वर्ष पहले देहांत हो चुका है, अब एकलौता बेटा भी मौत के आगोश में सो गया है। उसके न तो कोई भाई था और न ही कोई बहन। ऐसे में अब घर में 84 वर्षीय चेतराम अकेला ही रह गया है। यह भी पता चला है कि मृतक युवक का पिता चेतराम भी लंबे अरसे से दमे की बीमारी से ग्रस्त है।