स्वारघाट के समीप पंजपीरी स्थित एक निजी होटल में जयपुर निवासी पर्यटक की मौत हो गई है। स्थानीय होटल के मैनेजर और वेटर की सूचना के आधार पर पुलिस थाना स्वारघाट में इस संबंध में मामला दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान जयपुर सिटी के लक्ष्मीनगर-3 निवासी सुनील पटेल अपने दोस्तों के साथ हिमाचल के मनाली घूमने जा रहे थे। हिमाचल प्रवेश द्वार स्वारघाट के समीप एक पर्यटक सुनील पटेल की अचानक स्वास्थ्य बिगड़ गई। इसलिए उसने मनाली जाना उचित नहीं समझा। वह स्वारघाट के समीप पंचपीरी स्थान में चंडीगढ़ मनाली सड़क मार्ग पर बने एक होटल में आराम करने और ठहरने के लिए कमरा लिया।
घटना सोमवार शाम की है। जब पर्यटक मंगलवार सुबह नहीं उठा तो कुछ संदेह होने पर होटल प्रबंधक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। मगर जब काफी देर खटखटाने के बाद पर्यटक ने दरवाजा नहीं खोला तो होटल के मैनेजर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पहुंची। पंचायत के प्रतिनिधियों के समक्ष होटल के कमरे को बलपूर्वक दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे में पहुंचे तो पर्यटक फर्श पर पेट के बल गिरा हुआ था।
प्रारंभिक जांच में पर्यटक की मौत बीमारी के कारण और ह्रदय गति रुकने से बताई जा रही है। निजी होटल मैनेजर के रजिस्टर में दर्ज एंट्री के आधार पर पर्यटक की पहचान सुनील पटेल सुपुत्र कन्हैया लाल पटेल निवासी 7-8 निलेश एनक्लेव पथ नंबर-4 समीप शांति विद्यालय लक्ष्मीनगर.03 निवारू रोड़ जयपुर झोटवरा राजस्थान के रूप में हुई है।
स्वारघाट पुलिस ने पर्यटक का शव कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी श्री नयना देवी बलदेव दत्त ने उपरोक्त घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्वारघाट पुलिस थाना नें सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।