सलेमपुर। बकुलारी पेट्रोल पंप के एक सेल्समैन को गोली मारकर रकम लूटने के मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया। चोरी की बाइक और लूटा गया कैश बॉक्स भी बरामद कर लिया है। वारदात में शामिल बाबा गैंग का सरगना पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
बिहार बाॅर्डर पर इन दिनों बाबा गैंग सक्रिय है। इसका सरगना हिस्ट्रीशीटर बैजू बाबा है। बताया जा रहा है कि गैंग में देवरिया और सिवान के करीब 30 से अधिक बदमाश जुड़े हैं। गुठनी थाना क्षेत्र के बकुलारी पेट्रोल पंप पर 2 सितंबर को बाइक सवार दो बदमाशों ने सेल्समैन हरेन्द्र यादव को गोली मारकर कैश बॉक्स लूट लिया था। इसमें करीब दस हजार रुपये थे। पुलिस ने बनकटा पुलिस के सहयोग से अकटही गांव में छापामारी की।
सोहनपुर गांव निवासी विशाल पांडेय पकड़ लिया गया जबकि सरगना बैजू बाबा पुलिस को चकमा दे फरार हो गया। विशाल की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पल्सर बाइक और तिलौली गांव के पास झाड़ी से टूटा कैश बॉक्स बरामद किया। पूछताछ में विशाल ने पुलिस को बाबा गैंग के बारे में कई चौंकाने वाली जानकारी दी। गुठनी एसओ निर्भय राय ने बताया कि बाबा गैंग ने सेल्समैन से कैश बॉक्स लूटा था।