भराड़ी थाना के तहत आने वाले लढयाणी गांव में चोरी की बड़ी वारदात का मामला सामने आया है। हैरानी इस बात की है कि चोर घर के ताले तोड़कर लाखों के गहनों के साथ-साथ गैराज में खड़ी स्विफ्ट कार भी चुराकर ले गए।
वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में लढयाणी गांव की कमलेश कुमारी ने बताया कि उनके दो मकान हैं। इस वजह से कभी वह एक तो दूसरे मकान में रहतीं हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को करीब साढ़े आठ बजे वह अपने पुराने मकान में चलीं गई थी।
लेकिन सुबह करीब 9 बजे जब वह अपने नए मकान में आई तो देखा कि शटर खुला है और गाड़ी भी गायब थी। उन्होंने जब दूसरी मंजिल में जाकर देखा तो वहां पर भी सारा सामान बिखरा पड़ा था।
इसके बाद जब उन्होंने पड़ताल की तो पता चला कि अलमारी में रखे सोने और चांदी के जेवरात और नकदी भी गायब हैं। इसमें सोने का मंगल सूत्र, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, पायलें और करीब 5500 रुपये की नकदी चोर उड़ा ले गए थे।
इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना भराड़ी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित करने के साथ ही छानबीन शुरू कर दी है। कमलेश के पति श्रीनगर में नौकरी करते हैं।
डीएसपी घुमारवीं अंजनी जस्वाल ने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
तीन दिनों में दूसरी चोरी : बीते तीन दिनों के भीतर ही क्षेत्र में चोरी का दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले सोमवार रात को अज्ञात चोर नेशनल हाइवे 103 के किनारे पार्क पिकअप जीप चोरी हो कर चुके है। इस मामले में भी अभी तक पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सबूत नहीं लगा है।