स्वारघाट में पशु चराने गई छात्रा का गोबिंद सागर झील में शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली माकड़ी गांव निवासी रजनी शनिवार को पशु चराने के लिए गई थी।
मगर काफी देर बाद ही वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। यहां वहां ढूंढने के बावजूद भी शनिवार को उसका कोई सुराग नहीं लगा। रविवार को फिर परिजन और गांव के लोगों ने तलाश शुरू की तो झील के किनारे छात्रा की चप्पल और मोबाइल मिला। इसके बाद गांव के लोगों ने मिलकर तलाश करके झील से शव को बाहर निकाला और मौके पर पुलिस को बुलाया गया।
सूचना मिलते ही एएसआई सुदर्शन कुमार चौकी गोलथाई पुलिस के दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक दृष्टि मामला पानी में डूबने से हुई मौत का लग रहा है। मगर फिर भी पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिवार सहित गांव के लोग सदमे में हैं।
एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि पुलिस ने छात्रा का शव मिलने के बाद में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।