घुमारवीं/भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के चैहड़ में दंगल का आयोजन किया गया। इसमें भारत केसरी का खिताब दिल्ली के सोनी पहलवान ने जीता, जबकि पहलवान सतेंद्र मुर्खिया भारत कुमार बने। भारत केसरी के विजेता पहलवान को एक लाख और भारत कुमार को विजेता को 51 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। दंगल में देश भर के नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया।
इसके साथ ही महिला पहलवानों ने भी दंगल में दांवपेंच दिखाकर पहलवानों को धूल चटाई। दंगल का शुभारंभ कुश्ती स्थल पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इससे पहले शिव मंदिर में पूजा करने के बाद शोभायात्रा निकाली गई। इसमें समाजसेवी श्रवण कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। भारत केसरी का फाइनल मुकाबला दिल्ली के सोनी पहलवान और चंबा के अब्दुल गन्नी के बीच हुआ।
इसमें सोनी पहलवान विजेता रहे। जबकि, भारत कुमार का मुकाबला सुतेंद्र मुर्खिया और सतेंद्र तिलानी के बीच हुआ। इसमें मुर्खिया ने तिलानी को पटकनी देते हुए भारत कुमार का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा चैहड़ केसरी का मुकाबला घुमारवीं के विशाल और निशांत चंदेल के बीच हुआ। इसमें विशाल विजेता रहे। विजेता पहलवानों को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य विक्रम शर्मा ने सम्मानित किया।
साथ ही गुर्ज और गागर भी दी गई। इस अवसर पर दंगल कमेटी के प्रधान जोगिंद्र सिंह, भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग, डीएसपी राजेश कुमार, राजेश गुलेरिया, कमल ठाकुर, नवीन शर्मा, दिनेश ठाकुर, लक्की, कमल महाजन, रवि शंकर, जतिन, प्रेम सागर भारद्वाज, कृष्ण सिंह, हरि सिंह व विवेक सहित कई व्यक्ति उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ियों को किया सम्मानित : चैहड़ दंगल में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसमें मोरसिंघी गांव की हैंडबॉल खिलाड़ी स्नेहलता, भारतीय जूनियर महिला टीम की कप्तान रही मेनिका पॉल, उप कप्तान बबिता, टीम की सदस्य निधि शर्मा सहित राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी दीक्षा, शिवानी, ज्योति, ममता, दीपा और शैलजा को भी पुरस्कृत किया गया। हैंडबाल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्नेहलता वर्तमान में मोरसिंघी में हैंडबॉल अकादमी चला रही हैं। यहां 20 महिला हैंडबॉल खिलाड़ी सुबह-शाम अभ्यास करतीं हैं। स्नेहलता के पति सचिन चौधरी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबाल खिलाड़ी हैं और वर्तमान भारतीय रेलवे शिमला में कार्यरत हैं।