बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई मे चल रहे चैत्र मेलों में श्रद्धालुओं की जेबों को काटने वाले तीन जेबकतरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। तीनों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को गुरुनाझाड़ी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुटी थी। उसी समय तलाई पुलिस के एएसआई जगदीश चंद भी अपने साथियों के साथ गश्त लगा रहे थे।
जैसे ही वह गुरुनाझाड़ी मंदिर के पास पहुंच तो वहां पर दो महिलाएं और एक युवक पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश करने लगे। इस पर पुलिस को इस पर शक हुआ।
पुलिस ने जब पूछताछ करते हुए इनसे जानकारी ली तो वह गलत पते बताने लगे। इस पर पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए तलाई थाने ले आई। जब थाना में इनसे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वयं को जेबकतरा बताया।
इसके साथ ही यह भी बताया कि वह यहां पर भीड़ का फायदा उठा कर श्रद्धालुओं की जेबें काटने आए थे। लेकिन, उन्हे मौका नहीं मिल पाया। आरोपियों की पहचान सोमा देवी पत्नी सलीम सिंह निवासी तनौला जिला संगरूर पंजाब, मलकितो देवी पत्नी दर्शन सिंह निवासी तनौला पंजाब और करण सिंह पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी फिल्लौर पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीनों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। घुमारवी के डीएसपी राजेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तलाई पुलिस ने 109 के तहत तीन आरोपियों को गिफ्तार किया है। तीनों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।