चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर छड़ोल के समीप सोमवार रात एक नैनो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर के भटोलीकलां का अरुण और बरठीं के गवा गांव का रवि कुमार पंजाब के मणि माजरा से बिलासपुर आ रहे थे।
नेशनल हाईवे पर छड़ोल के समीप नैनो कार नंबर (एचपी 23बी-6269) अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायल को तुरंत जिला अस्पताल लाया जाया गया।
एएसपी मनमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने भादंसं की धारा 279 और 304ए के तहत मामला दर्ज किया है।