डडवाल जंगल में सड़क किनारे मिला नर तेंदुए का शव।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय उच्च मार्ग-205 चंडीगढ़-मनाली के साथ सटे डडवाल जंगल में अज्ञात वाहन की टक्कर में तेंदुए की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के बाद वन अधिकारियों का मानना है कि सड़क पार करते समय वाहन ने तेंदुए को टक्कर मार दी।
इस वजह से उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद अधिकारियों की मौजूदगी में तेंदुए का दाह संस्कार कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार को डडवाल के ग्रामीणों ने सड़क से नीचे एक तेंदुए को मृत अवस्था में देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन परिक्षेत्र स्वारघाट कार्यालय को दी।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लिया और पुलिस को भी इसकी सूचना दी। पुलिस थाना स्वारघाट के प्रभारी राजेश पराशर ने मौके पर पहुंचे। इसके बाद पशु चिकित्सालय स्वारघाट के चिकित्सक डॉ. अनूप रूथवाल ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया और पाया की मृतक तेंदुआ नर है।
चिकित्सा परीक्षण के उपरांत मृतक तेंदुए के शव का कमेटी की देखरेख में दाह-संस्कार कर दिया गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जंगल से सड़क पार करते समय तेंदुआ किसी वाहन की चपेट में आया। इससे उसकी मौत हो गई।
मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने इस बारे में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है जबकि वन विभाग अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है।
डीएफओ बिलासपुर मुुंशीराम ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर नर तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाकर दाह संस्कार कर दिया गया है। वाइल्ड लाइफ अधिनियम के तहत पुलिस थाना स्वारघाट में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।